फरीदाबाद ओल्ड रेलवे स्टेशन के निर्माणाधीन अंडर पास के नजदीक ट्रेन की चपेट में आने से हुई शिक्षिका की मौत के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। जीआरपी मृतका के पति की कॉल डिटेल खंगाल रही है। जीआरपी ने शिक्षिका और उसके पति के मोबाइल को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब में भेजने का निर्णय लिया है।
उल्लेखनीय है कि सेक्टर- 21डी की रहने वाली मनीषा एक निजी स्कूल में अंग्रेजी विषय की शिक्षिका थी। गत 26 फरवरी को ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई थी। उसकी शादी नकुल के साथ एक साल पहले हुई थी। पति नकुल नोएडा की एक दवा कंपनी में नौकरी करता है।
घटनास्थल से जीआरपी को मृतका का मोबाइल फोन और लीड बरामद हुई थी। इसी आधार पर पुलिस का कहना था कि गाना सुनते वक्त ट्रेन की चपेट में आने से मनीषा की मौत हो गई होगी।
लेकिन लड़की मां ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। इसके बाद पति व ससुर सहित चार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न एवं आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज हुआ था।
जीआरपी थाना प्रभारी ललित कुमार का कहना है कि शिक्षिका के पति नकुल की कॉल डिटेल की जांच की गई है। जांच में यह पाया गया है कि नकुल ने अपने मोबाइल से कुछ मैसेज को डिलीट किया है।
मोबाइल के डाटा को रिकवर करने के लिए दोनों के मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने का निर्णय लिया है। हो सकता है कि उससे कोई सुराग हाथ लग जाए। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।