अलीपुर इलाके में शराब देने से इंकार करने पर स्कूटी सवार दो युवकों ने महिला को गोली मार दी। पेट में गोली लगने के बाद ज्योति (24) को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाशों ने ज्योति के पति परमानंद पर भी गोलियां चलाई थी, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परमानंद की शिकायत पर अलीपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक परमानंद (26) अपने परिवार के साथ सिंधु गांव, बाहरी दिल्ली में रहता है। घर के पास ही परमानंद अंडे की रेहड़ी लगाता है। बुधवार रात को रेहड़ी पर उसकी पत्नी भी मौजूद थी। देर रात को स्कूटी सवार दो युवक परमानंद के पास पहुंचे और शराब की मांग करने लगे।
परमानंद ने शराब बेचने की बात से मना किया तो आरोपी भड़क गए। दोनों उसके साथ गाली-गलौच करने लगे। ज्योति के विरोध करने पर पीछे बैठे युवक ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी। गोली ज्योति के पेट में लगी। वहीं आरोपियों ने दो राउंड गोली परमानंद पर भी चलाई।
लेकिन वह बाल-बाल बच गया। बदमाशों के जाते ही परमानंद ने पुलिस को मामले की सूचना दी। ज्योति को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। पुलिस घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।