गुरुग्राम में गाड़ी में लिफ्ट देकर एक महिला से दो लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने शराब भी पी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से बिहार निवासी एक महिला डूंडाहेड़ा क्षेत्र में रहती है। वह शादी, पार्टी में खाना बनाने का काम करती है। सोमवार को उसने एटा उत्तर प्रदेश निवासी शेर सिंह व आगरा निवासी राम कदम के कहने पर बादशाहपुर में चार युवतियों को किसी के यहां खाना बनाने के लिए भेजा था। काम खत्म करने के बाद सभी लड़कियां घर लौट गईं।
इस पर महिला ने उक्त दोनों आरोपियों से चारों युवतियों की मजदूरी मांगी। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने उसे राजीव चौक पर बुला लिया। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने उसे डूंडाहेड़ा तक अपनी गाड़ी से छोड़ने की बात कहकर बैठा लिया।
आरोपियों ने शराब खरीदी और गाड़ी में ही चलते हुए शराब पी
rape in car
रास्ते में सामान खरीदने के बहाने उन्होंने गाड़ी को राजीव चौक से दूसरी तरफ घुमा लिया। रास्ते में आरोपियों ने शराब खरीदी और गाड़ी में ही चलते हुए शराब पी। महिला ने गाड़ी रोककर उसे उतारने को कहा, लेकिन आरोपियों ने गाड़ी नहीं रोकी।
इसके बाद वह महिला को सेक्टर-10 थाना क्षेत्र में एक सुनसान जगह पर ले गए। यहां अंधेरे में गाड़ी रोककर आरोपियों ने महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। इसकी शिकायत पीड़िता ने पुलिस को दी।
सेक्टर-10 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर यशवंत ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।दोनों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।