गुड़गांव की फिरोज गांधी कॉलोनी में बच्चों के आपसी झगड़े में बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि दो परिवारों की महिलाओं के बीच मारपीट हो गई।
पुलिस को बुलाने पर मामला शांत हुआ। इस मामले में पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर एक युवक समेत पांच महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, फिरोज गांधी कॉलोनी में रहने वाले दो परिवार के बच्चे खेल रहे थे। इस दौरान उनमें झगड़ा हो गया, शोरशराबे के बाद दोनों परिवार की महिलाएं बाहर आ गई।
यह भी पढ़ें: नहर में डूबने से किशोर की मौत
आपसी बहस के दौरान बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि महिलाओं ने एक-दूसरे से हाथापाई शुरू कर दी। मामला बढ़ता देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच मामले को शांत किया।
इस दौरान एक महिला की तबियत खराब हो गई जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला ने बयान दिया कि मारपीट के चलते उसका तीन माह का गर्भपात हो गया। इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।