टीएस ग्रीन सोसायटी की 7वीं मंजिल से कूदकर एक महिला ने आत्महत्या कर ली। महिला पिछले कई सालों से तनाव में चल रही थी। पुलिस गंभीर रूप से घायल महिला को लेकर नजदीक के अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से चेन्नई निवासी संध्या कृष्ण मूर्ति (44) मां और भाई के साथ सेक्टर-50 स्थित एटीएस ग्रीन सोसायटी में रहती थी। उन्होंने शादी नहीं की थी। वह दो साल पहले नोएडा की ही एक कंपनी में नौकरी करती थी। इन दिनों वह बीमार चल रही थीं। इसके चलते वह मानसिक तनाव से गुजर रहीं थी।
सोमवार सुबह वह सोसायटी की 7वीं मंजिल से नीचे कूद गईं। गिरने की आवाज सुनकर सोसायटी गार्ड समेत परिजन मौके पर पहुंचे। सेक्टर-49 थाना प्रभारी विनय प्रकाश सिंह का कहना है कि महिला शादीशुदा नहीं थी। वह पिछले एक साल से बीमार और मानसिक तनाव से ग्रस्त थी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।