खुले में शराब पीने पर पाबंदी के बावजूद भी शहर के सबसे व्यस्त सदर बाजार में शराबी जमकर नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। बाजार के बीच खुले दो शराब के ठेकों पर दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। वह बेखौफ भरे बाजार में जाम छलकाते नजर आते हैं।
नशे में धुत होकर बाजार में हुड़दंग मचाने के साथ वह खरीदारी के लिए बाजार में आई महिलाओं पर तंज कसते हैं और हैरानी की बात यह है कि यह सब आम हो गया है। ठेके से चंद कदमों की दूरी पर ही पुलिस बूथ बनाया गया है, लेकिन बूथ पर मौजूद पुलिसकर्मी भी इन शराबियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करते।
बता दें कि आबकारी एक्ट के तहत किसी भी सार्वजनिक स्थान या खुले में शराब पीने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही ऐसा करने वाले पर कार्रवाई के साथ जुर्माने का भी प्रावधान है। बावजूद इसके शहर में शराबी खुलेआम पुलिस की नाक के नीचे जाम छलका रहे हैं, लेकिन पुलिस उन पर कार्रवाई करने से बच रही है।
शहर का सदर बाजार शराबियों का अड्डा बन गया है। बाजार के बीचों बीच श्याम स्वीट्स के पास और बड़े डाकखाने के पास देशी व अंग्रेजी शराब के ठेके खोले गए हैं। जहां सुबह से लेकर शाम तक शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है।
शराब के नशे में धुत शराबी यहां हुड़दंग मचाते रहते हैं। इससे स्थानीय दुकानदारों के साथ बाजार में खरीदारी के लिए आए लोगों को भी इनकी वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कपड़ा विक्रेता राजेश ने बताया कि यहां सुबह से ही शराबी इकट्ठा होने शुरू हो जाते हैं।