गैंगवार के चलते शनिवार देर रात गांव नाहरपुर रूपा में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर उसके बेटे को मारने की इरादे से आए थे। इस हमले में युवक छत से कूदकर जान बचाने में कामयाब रहा। जबकि हमलावर उसके पिता के सिर पर हथियार का बट मारकर घायल कर गए।
विज्ञापन
इस मामले में युवक की शिकायत पर गैंगस्टर कौशल समेत उसके गैंग के नौ लोगों पर हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। गांव नाहरपुर निवासी जॉनी हंस ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब पौन नौ बजे गैंगस्टर कौशल के साले के लड़के संजीत का फोन उसके पास आया।
वह उससे मिलने के लिए गांव के ही आटा चक्की पर कार लेकर चला गया। वहां संजीत के साथ गांव महेशपुर (पलवल) निवासी अमित डागर, सतलाका (मेवात) निवासी चांद, झज्जर निवासी रणवीर सैनी मिले।
जब वह कमरे में पिता के पास गया, तो उन लोगों ने हथियार निकाल लिए
crime, gangwar
- फोटो : अमर उजाला
ये तीनों उसकी कार में बैठ गए। इसके बाद सभी उसके घर पर आ गए। जबकि उनका एक साथी कार लेकर पीछे-पीछे आया। यहां मकान की पहली मंजिल पर बैठकर वह बात करने लगे। इस दौरान उसकी मां सुदेश (46) उनके लिए चाय बनाने लगी। जब वह कमरे में पिता के पास गया, तो उन लोगों ने हथियार निकाल लिए।
अमित डागर ने उसकी मां सुदेश पर गोली चला दी। हमलावरों ने उसके पिता के सिर पर पिस्तौल के बट मारे, जिससे उन्हें भी चोट लगी है। हमलावरों के इरादे भांपकर वह पहली मंजिल की गैलरी से नीचे कूद गया। घटना की सूचना पाकर रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
जॉनी ने बताया कि वह ज्वेलर की हत्या के मामले में जेल में बंद था। 28 फरवरी को ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। उसने आरोप लगाया कि मनीष ने अपने परिजनों व अमित डागर के भाई अनिल डागर के साथ योजना बनाकर उस पर उसके परिवार पर हमला किया है।
इस पूरे मामले में योजना बनाने में मनीष व कौशल का हाथ रहा है। पुलिस ने जॉनी के बयान पर 9 लोगों पर केस दर्ज किया है। जिनमें संजीत, अमित डागर, चांद, रणवीर सैनी, मनीष, रोशनी, नंद किशोर, अनिल डागर, कौशल को नामजद कराया है।
आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
-दीपक सारन, डीसीपी ईस्ट, गुरुग्राम।