सोहना-पलवल रोड स्थित गांव सिलानी के समीप खेत में बनी एक कोठरी में मृत मिली महिला की पहचान हो गई है। मृतका पलवल के जयंतीपुरा के रहने वाले रमेश चंद्र की पत्नी गीता थी। पुलिस ने गीता के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है, जबकि घायल यादराम का दिल्ली के ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गीता चार बच्चों की मां थी और मेहनत, मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करती थी। यह चर्चाएं हैं कि रिश्ते में भतीजे यादराम से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। यादराम शराब का शौकीन था, जिस कारण परिजनों ने उसे घर से खदेड़ा हुआ था। ऐसे में वह ज्यादा समय गीता के घर पर ही रहता था।
शनिवार को गीता घर से टिफिन लेकर काम पर जाने की बात कहकर घर से निकली थी, जबकि यादराम सोहना के गांव सिलानी में खेतों पर कई दिनों से धान की कटाई कर रहा था। शनिवार सुबह 7 बजे यादराम अपने एक रिश्तेदार और गीता के साथ सिलानी गांव में आया था। रिश्तेदार इन दोनों को सिलानी में खेतों के पास उतारने की कहकर उन्हें वहां छोड़कर इसी गांव में रहने वाले अपने ससुर के पास चला गया। कुछ देर बाद ही यह हादसा घटित हो गया।
घटनास्थल पर शराब का एक खाली पव्वा, कटोरी में दही, नमकीन मिला है जबकि वारदात में प्रयुक्त चाकू जमीन के नीचे दबा मिला है। इस मामले में जांच अधिकारी से लेकर पुलिस उपायुक्त तक कुछ भी बोलने अथवा मुंह खोलने को तैयार नही हैं। सोहना पुलिस ने इस मामले में मृतक गीता के ननदोई बदन सिंह निवासी पलवल के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।