दनकौर कस्बे में दहेज के लिए विवाहिता की जलाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने उसके पति समेत ससुराल पक्ष के 6 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि अनूपशहर निवासी हरि ने अपनी शिकायत में बताया है कि उसने एक साल पहले अपनी बेटी कुमकुम की दनकौर कस्बा निवासी माहुल से शादी की थी।
शादी में उसने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था। शादी के बाद से ही उसका पति दहेज में 2 लाख रुपये की मांग कराता था। बेटी के विरोध करने पर ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते थे और घर से निकालने की धमकी देते थे।
बृहस्पतिवार को भी उसके पति ने फोन करके मांग पूरी न करने पर बेटी को जान से मारने की धमकी हरि को दी थी। आरोप है कि बृहस्पतिवार देर रात पति समेत 6 लोगों ने उसकी बेटी की आग लगाकर हत्या कर दी। पीड़ित पिता ने पति राहुल, ससुर महेंद्र, सास राजेश, देवर मोनू व राजू और ननद कोमल के खिलाफ आग लगाकर हत्या करने के आरोप में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।