शुक्रवार रात सूरत नगर में एक महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मृतका के पिता ने हत्या का आरोप दामाद पर लगाया है। महिला की दूसरी शादी हुई थी। पुलिस ने पिता की शिकायत पर आरोपी दामाद के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शनिवार की दोपहर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। उत्तर प्रदेश के बरेली के गांव जाटवान निवासी धर्म प्रकाश ने पुलिस को बताया कि वह रोजगार की तलाश में करीब सात दिन पहले ही सूरत नगर फेज-2 गली नंबर-21डी गुरुग्राम में रहने आए थे।
उनके पांच बच्चों में सुधा सबसे बड़ी थी। सुधा की पहली शादी बरेली के गांव बिटौरा में हुई थी, जिससे उसके दो बच्चे थे। इसके बाद उसकी दूसरी शादी यूपी के जिला पीलीभीत के गांव अमदपुर निवासी लाखन से हुई। ये दोनों गुरुग्राम के सूरत नगर फेज-2 में ही किराये के मकान में रहते थे।
शुक्रवार सुबह 10 बजे धर्म प्रकाश अपनी बेटी सुधा से मिलने उसके यहां गए थे। इसके बाद शाम 7 बजे जब धर्म प्रकाश दोबारा उसके कमरे पर गए, तो दरवाजे पर ताला लटका मिला। धर्म प्रकाश ने वापस घर लौटकर यह बात अपनी पत्नी मालती देवी को बताई।
कुछ देर इंतजार करने के बाद धर्म प्रकाश व उसकी पत्नी दोबारा सुधा के कमरे पर गए। पत्नी ने अगल-बगल जानकारी ली, तो उसका शक और बढ़ गया। इसके बाद दोनों ने कमरे का ताला तोड़ दिया। कमरे के अंदर सुधा बेसुध पड़ी हुई थी।
उसकी नाक कटी हुई थी और कानों से खून निकल रहा था। उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना राजेंद्रा पार्क पुलिस मौके पर पहुंच गई।
धर्म प्रकाश ने आरोप लगाया है कि लाखन उसकी बेटी सुधा को पीटता था। लाखन ही सुधा के गले में चुनरी व काला धागा बांधकर हत्या करके मौके से भाग गया है।
धर्म प्रकाश की शिकायत पर लाखन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर कुंदन ने बताया कि आरोपी लाखन अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घरेलू कलह इस घटना के पीछे मानी जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले से पर्दा उठेगा।