अमर कॉलोनी थाना इलाके में महिला की धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने का मामला सामने आया है। धारदार हथियार से महिला के गले, बाजू व छाती पर वार किए गए हैं। ऐसा लग रहा है कि महिला की करीब दो दिन पहले हत्या की गई है।
महिला दिल्ली में अकेली रहती थी। अमर कॉलोनी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर तफ्तीश शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स में रखवा दिया है। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूजा पासवान (30) एम-54, ओल्ड डबल स्टोरी, लाजपत नगर-चार में अकेली किराए पर रहती थी।
वहां यहां पर 12 हजार रुपये प्रति महीने किराया देती थी और दिल्ली में कॉस्मेटिक सामान का व्यवसाय करती थी। पूजा की शादी दो वर्ष पहले सुमित पासवान से हुई थी। सुमित पासवान पटना, बिहार में रहता है। पूजा पासवान पिछले दो दिन से फोन नहीं उठा रही थी तो किसी ने उसकी छत्तरपुर में रहने वाली बहन रेखा को फोन किया।
रेखा ने सोमवार दोपहर को आकर देखा तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था और पूजा पलंग पर लहुलूहान पड़ी हुई थी। पूजा पासवान का गला कटा हुआ था और बाजू व छाती आदि जगहों पर चाकू जैसे धारदार हथियार से वार किए गए थे। शुरूआती जांच में लग रहा है कि पूजा के ऊपर आधा दर्जन से ज्यादा बार वार किए गए है।
सोमवार दोपहर करीब सवा तीन बजे इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घर का दरवाजा अंदर से बंद था। हत्या के आरोपी ने पूजा के घर में फ्रेंडली इंट्री की है। शुरूआती जांच में ऐसा लग रहा है कि किसी परिचित ने ही हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया है।
घर में सामान बिखरा नहीं और घर से लूटपाट की वारदात के सबूत भी नहीं मिले हैं। पुलिस ने पटना, बिहार में रहने वाले पूजा के पति सुमित पासवान को सूचना दे दी है। अमर कॉलोनी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।