दिल्ली की गीता कॉलोनी इलाके में 1500 रुपये को लेकर हुए झगड़े के बाद एक शख्स ने सोमवार देर रात सोते समय गला दबाकर पत्नी रवनीत कौर (26) की हत्या कर दी। पड़ोसी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी परमजीत सिंह (29) घर के बाहर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। इधर, महिला के परिजनों ने परमजीत पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया। क्षेत्रीय एमडीएम मामले की छानबीन कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक रवनीत कौर पति परमजीत के साथ 111, रानी गार्डन, गीता कॉलोनी में रहती थी। दोनों की मई 2013 में शादी हुई थी।
दो माह की है बेटी
दोनों की दो माह की बेटी है। शादी के बाद परमजीत ट्रैवल एजेंसी चलाता था, लेकिन घाटा होने पर उसने बंद कर दी थी। फिलहाल वह बेरोजगार था। रविवार को रक्षाबंधन पर रवनीत राजौरी गार्डन स्थित अपने मायके गई थी। वहां भाइयों ने रवनीत को कुछ रुपये दिए थे। सोमवार को वह वापस गीता कॉलोनी आ गई।
शाम को परमजीत ने पत्नी से किसी काम के लिए 1500 रुपये मांगे। मना करने पर दंपति में झगड़ा हो गया। रात करीब 2:30 बजे किसी ने एसएचओ को फोन कर महिला की हत्या की सूचना दी। जब पुलिस वहां पहुंची तो रवनीत का शव घर में पड़ा था, जबकि पति परमजीत बाहर टहल रहा था। पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
रात को दो बजे वारादात को अंजाम
पूछताछ में पता चला कि परमजीत ने करीब 2:00 बजे सोते समय रवनीत का गला दबा दिया। हत्या करने के बाद आरोपी बेटी को लेकर छह ब्लॉक, गीता कॉलोनी निवासी अपने माता-पिता के पास पहुंचा। बेटी को वहां छोड़कर आरोपी वापस अपने घर आ गया।
इधर, रवनीत की हत्याकी सूचना मिलते ही पिता मनमोहन सिंह व भाई जगजीवन सिंह वहां पहुंच गए। उन्होंने परमजीत पर दहेज के लिए रवनीत को परेशान करने का आरोप लगाया और आशंका जताई कि दामाद व उसके परिजन बच्ची को भी मार देंगे। जांच में पता चला कि परमजीत के माता-पिता मासूम को लेकर घर से गायब हैं।