बुधवार तड़के कादराबाद चैक पोस्ट के निकट शिविर से कलश कांवड़ चोरी होने पर कांवड़ियों ने हाईवे जाम कर दिया। पुलिस द्वारा कलश व गंगाजल उपलब्ध कराने पर वे शांत हुए।
दूसरी ओर मंगलवार देर रात जलालाबाद में कार की टक्कर से कांवड़ खंडित हो गई। भड़के कांवड़ियों ने कांवड़ शिविर और वाहनों में तोड़फोड़ कर की तथा आगजनी का प्रयास किया। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
उधर, एनएच-58 एएलटी चौराहे के पास बुधवार दोपहर जिला सहकारी बैंक की गाड़ी ने कांवड़िये के वेश में सड़क पार कर रहे 10 साल के सोनू को टक्कर मार दी। हादसे से नाराज शिव भक्तों ने हाईवे जाम कर दिया। पुलिस ने उन्हें समझा कर शांत कराया।
नांगलोई दिल्ली निवासी रमेश साथी राजू तथा कृपाल के साथ हरिद्वार से पीतल के दो कलशों में गंगाजल लेकर आ रहा था। मंगलवार रात्रि तीनों ने कादराबाद स्थित एक कांवड़ सेवा शिविर में रुके थे।
सुबह चार बजे रमेश उठा तोे दोनों कलश गायब थे। इस पर कांवड़ियों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर कादराबाद चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। पुलिस मौके पर पहुंची और कांवड़ियों को शांत कर जाम खुलवाया।
पुलिस कर्मी आननफानन में तीनों कांवड़ियों को थाने ले गए तथा कलशों एवं गंगाजल की व्यवस्था कराकर उन्हें दिल्ली के लिए रवाना कर दिया। कोतवाली प्रभारी दीपक शर्मा का कहना है कि कांवड़ियों को गंगाजल व कलश उपलब्ध करा कर शांत करा दिया गया था।
उन्होंने दोबारा हंगामे की सूचना से इंकार किया। उधर, मंगलवार देर रात नशे में धुत जलालाबाद निवासी एक व्यक्ति ने कार से कांवड़िया को टक्कर मार दी, जिससे उसकी कांवड़ खंडित हो गई। इससे गुस्साए कांवड़ियों ने जलालाबाद स्थित एक कांवड़ सेवा शिविर में तोड़फोड़ कर दी।
शविर में रखा सामान बाहर फेंक दिया और कुर्सियां तोड़ डालीं। उन्होंने सेवादारों की बाइक भी तोड़ दी और शिविर में आगजनी की कोशिश की, लेकिन लोगों ने कांवड़ियों से गैस सिलेंडर छीन लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कांवड़ियों को समझाकर शांत किया। इधर मौका पाकर चालक कार समेत फरार हो गया।
पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। सीओ सदर राजेश पांडे का कहना है कि कांवड़ सेवा शिविर में मामूली तोड़फोड़ हुई है। आरोपी कार चालक की तलाश की जा रही है।
इधर, एसएचओ अशोक सिसोदिया ने बताया कि सोनू एनएच-58 पर बनी झुग्गी में रहता है। भंडारे में खाना खाने के लिए वह कांवड़ियों के वेश में घूम रहा था।
दोपहर करीब दो बजे वह सड़क पार कर दूसरी ओर जा रहा था। मेरठ की ओर से आ रही आरडीसी स्थित जिला सहकारी बैंक की सरकारी कार ने बच्चे को टक्कर मार दी। कार में बैंक के एजीएम सवार थे।