लोनी तिराहे पर तैनात सिपाही ने सड़क के बीच में खड़ा थ्री व्हीलर हटाने को कहा तो चालक आगबबूला हो गया। आरोप है कि चालक ने सिपाही के साथ मारपीट कर उनकी वर्दी फाड़ डाली।
दूसरे पुलिस कर्मियों ने सिपाही को बचाया तथा ऑटो चालक को दबोचकर थाने ले गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
तिराहा चौकी पर तैनात सिपाही महेश चंद की बुधवार सुबह लोनी तिराहे पर ड्यूटी थी। वह ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान एक ऑटो चालक ने सड़क के बीच थ्री व्हीलर खड़ा कर दिया। सिपाही ने उसे डांटते हुए थ्री व्हीलर साइड में लगाने को कहा तो वह आगबबूला हो गया और सिपाही से भिड़ गया।
ऑटो चालक ने सिपाही के साथ मारपीट कर उनकी वर्दी फाड़ डाली। वहां मौजूद दूसरे पुलिस कर्मियों ने ऑटो चालक इमरान को दबोच लिया तथा उसे थाने ले जाकर हवालात में बंद कर दिया। सिपाही ने ऑटो चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। बकौल एसएसआई वेदप्रकाश बृहस्पतिवार को आरोपी का चालान किया जाएगा।