रवि की मौत के बाद प्रशासन ने पीड़ित परिवार व ग्रामीणों को आश्वासन दिया था कि अगर वह चाहें तो इस केस की सीबीआई जांच कराई जा सकती है।
शनिवार को ग्रामीण जिलाधिकारी एनपी सिंह से मिलकर केस की सीबीआई जांच कराने की मांग करेंगे। नामजद आरोपियों की पैरोकारी कर रहे संजय राणा ने बताया कि ग्रामीण शनिवार को जिलाधिकारी से मिलेंगे और लिखित में प्रार्थना पत्र देकर सीबीआई जांच की मांग करेंगे।
एसडीएम ने रवि के पिता को सौंपे दस लाख नगद
एसडीएम दादरी अमित कुमार ने बिसाहड़ा गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार को प्रशासन की तरफ से आर्थिक मदद के तौर पर दी जाने वाली दस लाख रुपये की नगद धनराशि सौंप दी।
एसडीएम ने आश्वासन दिया कि सरकार की तरफ से दी जाने वाली आर्थिक मदद भी जल्द उपलब्ध करा दी जाएगी। पुलिस के अनुसार शुक्रवार दोपहर 1 बजे एसडीएम दादरी अमित कुमार व जारचा कोतवाली प्रभारी प्रदीप सिंह के साथ बिसाहड़ा गांव पहुंचे।
यहां शोक प्रकट कर रहे लोगों के बीच पहुंचकर एसडीएम ने रवि के पिता रणवीर सिंह को दस लाख रुपये नगद सौंपे। बता दें कि प्रशासन ने दस लाख रुपये अपनी ओर से, दस लाख रुपये सरकार की ओर से और पांच लाख रुपये भाजपा नेताओं ने अपनी ओर से आर्थिक मदद करने का आश्वासन दिया था।
वहीं, रवि के पिता रणबीर सिंह ने बताया कि संगीत सोम व महेश शर्मा की तरफ से दिए गए पांच लाख के आश्वासन में से 3 लाख रुपये तीन दिन पहले सुंदर सिंह राणा गांव आकर उन्हें सौंप गए थे।