उत्तर प्रदेश भी आतंकियों के निशाने पर हो सकता है। प्रमुख सचिव गृह देवाशीष पंडा ने अंतर्राष्ट्रीय परिदृश्य में हुईं आतंकी घटनाओं का हवाला देते हुए अलर्ट जारी किया है और सभी जिलों के डीएम-एसएसपी को 17 बिंदुओं पर सुरक्षा व्यवस्था की हिदायत दी है।
प्रमुख सचिव गृह की तरफ से भेजे गए गोपनीय पत्र में लिखा है कि बांग्लादेश की राजधानी ढाका के रेस्टोरेंट में 20 लोगों की हत्या, सऊदी अरब में आत्मघाती आतंकवादियों द्वारा किया गया बम विस्फोट, पाकिस्तान के एक स्कूल में बच्चों की हत्या और ऑस्ट्रेलिया के मॉल में आतंकी घटना हुई है।
इनके अलावा दो जनवरी 2016 को सेना के पठानकोट स्थित एयरबेस में हमला और 29 जून 2016 को हैदराबाद में छापामारी के दौरान आतंकी संगठन के संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया गया था, जो सीरिया और दुबई में बैठे हैंडलर से संपर्क में थे।
कांवड़ यात्रा को लेकर भी जारी है अलर्ट
आतंकवादी
इन घटनाओं के दृष्टिगत प्रदेश के सभी जनपदों में विशेष सतर्कता और सजगता की जरूरत है। लिहाजा मॉल्स, अस्पताल, सिनेमा हॉल, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, होटल, रेस्टोरेंट और शिक्षण संस्थानों की सुरक्षा बढ़ाई जाए।
लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि संदिग्ध दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी जा सके। जनपद के सभी केंद्रीय, राजकीय प्रतिष्ठानों, पावर प्लांट, रिसर्च सेंटर, दूरभाष केंद्र, अधिकारियों के दफ्तर की सुरक्षा सुदृढ़ की जाए।
धार्मिक स्थलों, देशी-विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। झुग्गी-झोपड़ी में आने वाले संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जाए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे और इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण लगवाए जाएं।
इस संबंध में एसएसपी केएस इमेनुएल का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था के निर्देशों का पालन कराया जा रहा है। कांवड़ यात्रा को लेकर भी पुलिस अलर्ट है।