ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एलपीजी की अवैध रीफिलिंग करने वालों से उगाही करते हुए एक पीसीआर के पुलिसकर्मियों का वीडियो वायरल हो गया है। क्राइम सस्पेक्ट नाम से एक ग्रुप ने इस वीडियो को आईजी, एसएसपी और एसपी को ट्वीट कर दिया है।
आईजी ने इसका संज्ञान लेते हुए मामले की जांच कर आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वीडियो मेरठ जोन के आईजी, एसएसपी और एसपी ग्रामीण को ट्वीट की गई है।
इसमें बिसरख कोतवाली क्षेत्र में तैनात एक पीसीआर गौड़ सिटी स्थित मार्केट में आती है। पीसीआर का चालक अवैध रूप से एलपीजी में गैस भरने वाली दुकान के अंदर जाता है और दुकानदार से 100 रुपये लेकर वापस पीसीआर में चला जाता है।
एसएसपी लव कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी। पुलिसकर्मियों के दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी। इसकी जांच बिसरख कोतवाली के एसओ राजेश कुमार शर्मा कर रहे हैं।