नोएडा के सेक्टर-20 पुलिस ने दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर 22 बाइक बरामद की हैं। पकड़े गए चोरों ने नोएडा में 50 से ज्यादा बाइक तीन माह में चोरी करने की बात कबूली है। बरामद बाइकों में से अधिकांश अट्टा मार्केट से चोरी की गई थीं।
एसपी सिटी योगेश सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान सेक्टर-7 तिराहे के पास से चोरी की एक बाइक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया।
जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देख भाग निकले। पकड़े गए युवकों की पहचान गांव डोला थाना सिघावली अहीर, जिला बागपत निवासी जहीर व सतीश के रूप में हुई।
यह भी पढ़ें: नहीं मिले सैनिक की पत्नी से रेप के सबूत
जहीर दरी बनाने का काम करता है और सतीश बाइक मैकेनिक है। पूछताछ के आधार पर नोएडा के विभिन्न मार्केटों की पार्किंग से पुलिस ने 21 और चोरी की बाइक बरामद कीं।
फरार बदमाशों की पहचान गांव सौरम थाना शाहपुर जिला मुजफ्फरनगर निवासी आजाद व बालैनी बागपत निवासी विपिन उर्फ भूरा के रूप में हुई। जिनकी तलाश का दावा पुलिस कर रही है।
निशाने पर न नई और न ही ज्यादा पुरानी बाइक
बदमाशों ने खुलासा किया है कि उनके निशाने पर न तो नई बाइक रहती थीं और न ही ज्यादा पुरानी। वह मार्केट में जाकर ऐसी बाइकों को खोजते थे, जिनकी इंगनिशन में लगने वाली चाभी घिस गई हो और उसमें दूसरी कोई भी चाभी लग सकती हो। अट्टा मार्केट में पटरी के किनारे खड़ी बाइक ही खासतौर से निशाने पर रहती थी। चोरी की बाइकों को बागपत व उसके आसपास बेच देते थे। पुरानी के पुर्जे अलग करके बेचते थे।