दिल्ली में नाइजीरियाई अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवादों में रहते हैं। शनिवार तड़के नाइजीरियाई युवकों के दो गुट एक निजी नर्सिंग होम में भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों ने अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की।
अस्पताल कर्मियों ने किसी तरह टॉयलेट व अन्य जगह छिपकर जान बचाई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर दंगा व बलवा करने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, वारदात साकेत स्थित जे-ब्लॉक में नीलू एंजल नर्सिंग होम की है। शनिवार तड़के यहां खून से लथपथ तीन नाइजीरियाई युवक इलाज के लिए आए थे। इस दौरान तीन-चार कारों में सवार करीब दर्जन भर नाइजीरियाई युवक नर्सिंग होम के बाहर खड़े थे।