बॉर्डर थाना क्षेत्र के संगम विहार में ईयरफोन से गाने सुनते हुए रेलवे ट्रैक पर टहल रहे दो दोस्तों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि इनका एक और साथी गायब है। मृतकों के घरों में मातम है।
संगम विहार में पुष्पेंद्र (21) और पंकज (21) परिवार के साथ रहते थे। दोनों में दोस्ती थी। मंगलवार रात आठ बजे खाना खाकर दोनों कानों में लीड लगाकर गाने सुनते हुए रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए।
कानों में ईयरफोन लगा होने के कारण उन्हें पीछे से आ रही ट्रेन का हार्न सुनाई नहीं दिया और वे उसकी चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने सूचना पुलिस को दी।
एसपी ग्रामीण राकेश पांडे ने बताया कि दोनों दोस्तों के साथ एक अन्य युवक के भी होने की बात सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुष्पेंद्र दिल्ली के सदर बाजार के इलाके में अनाज गोदाम पर मजदूरी करता था, जबकि पिता ओमप्रकाश रिक्शा चालक हैं। पुष्पेंद्र ने आठवीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी।
बहन दुर्गा और रोशनी ने बताया कि भाई पढ़ा कर कामयाब बनाना चाहते थे। मां रामरती और बहनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पंकज के पिता ओमप्रकाश सिंह की 15 वर्ष पहले हार्टअटैक से मौत हो गई थी।
पंकज ने पिछले साल हाईस्कूल किया था। वह बड़े भाई करण के साथ घर की जिम्मेदारी संभालता था। मां प्रेमदेवी, बहन प्रियंका का रो-रो कर बुरा हाल है।
ईयरफोन लगाकर सड़क-रेलवे ट्रैक पर न निकलें
सीओ लोनी अनिल कुमार ने बताया कि ईयरफोन लगाकर छह माह में कई हादसे हो चुके हैं। ऐसे में लोगों से अपील हैं कि ईयरफोन लगाकर सड़क और रेलवे ट्रैक पार न करें। परिजनों को बच्चों को बाहत जाते समय ईयरफोन नहीं देना चाहिए।
हादसे-दर-हादसे
25 सितंबर 2014 : अर्थला पर ईयरफोन लगाकर ट्रैक पार कर रहे बीटेक स्टूडेंट की ट्रेन की चपेट में आकर मौत
07 अगस्त 2014 : ज्ञानी बॉर्डर के पास ईयरफोन लगाकर सड़क पार कर रहे छात्र की कार से टक्कर से मौत
06 फरवरी 2013 : साहिबाबाद स्टेशन के पास ईयरफोन लगाकर ट्रैक पार करते हुए स्टूडेंट घायल