नई दिल्ली की पार्लियामेंट थाना पुलिस ने पार्लियामेंट स्ट्रीट आरबीआई से करीब 24 लाख रुपये चुराने वाले दो इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। आरोपी सीवीपीएस मशीन में हुई खराबी का फायदा उठाकर 23.99 लाख रुपये चुराकर ले जा रहे थे।
आरबीआई से बाहर निकलते समय चेकिंग के दौरान दोनों पकड़े गए। आरबीआई कर्मचारियों ने दोनों को पार्लियामेंट थाना पुलिस को सौंप दिया। पार्लियामेंट थाना पुलिस ने मामला दर्जकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मेकेनिकल इंजीनियरों की पहचान सियाशरण त्रिपाठी (38) और अमित कुमार शर्मा (26) के रूप में हुई।
दोनों आरोपी गुड़गांव की एक फर्म में तैनात थे और पिछले पांच वर्ष से आरबीआई में सर्विस देने आते थे। आरबीआई के डिप्टी जनरल मैनेजर एके मुदगिल ने पार्लियामेंट थाना पुलिस को शिकायत दी थी।
सीवीपीएस मशीन नए नोटों को गिनने और पुराने नोटों को नष्ट करने का काम करती है। ये मशीन नोटों को गिनकर बाहर निकालती है। कुछ दिन ये मशीन खराब हो गई थी।
इन लोगों ने खराब मशीन का फायदा उठाया और उससे 23.99 लाख रुपये निकाल लिए। निकाले गए नोटों को इन्होंने नष्ट होने वाले नोटों की जगह दिखा दिया था।