गुड़गांव के एक व्यापारी की पत्नी के खाते से अज्ञात ने हजारों रुपये की खरीदारी कर ली। पीड़ित महिला के पति ने इसकी शिकायत की है।
शिकायत में पटेल नगर निवासी संजय ने बताया कि उसकी पत्नी के मोबाइल फोन पर किसी अज्ञात ने फोन किया। फोनकर्ता ने कहा कि उसका एटीएम पुराना हो गया है और बंद होने वाला है।
यदि नया एटीएम कार्ड बनवाना है तो वह अपना नंबर बता दें। इस पर उसकी पत्नी ने अपना नंबर बता दिया। कुछ देर बाद ही उसकी पत्नी के पास फोन पर संदेश आया कि उसके एटीएम से 12 हजार 500 रुपये की खरीदारी हुई है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने संजय की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार्ड बदलकर 50 हजार रुपये का लगाया चूना
वहीं दूसरी ओर कार्ड बदलकर पैसे निकालने का भी एक मामला सामने आया। पुलिस ने एटीएम बूथ में खड़े अज्ञात युवक पर कार्ड बदलकर 50 हजार रुपये का चूना लगाने की शिकायत दर्ज की है।
बादशाहपुर के रहने वाले सुरेंद्र का आईसीआईसीआई बैंक में खाता है। उसने पुलिस को बताया कि वह चार दिन पहले बादशाहपुर स्थित केनरा बैंक के एटीएम से पैसे निकलवाने पहुंचा।
यह भी पढ़ें: संभाल कर रखें अपनी चेकबुक वरना...
एटीएम में कार्ड डाला तो मशीन ने कार्ड स्वीकार नहीं किया। वहां पहले से ही खड़े एक युवक ने कहा कि मशीन में दिक्कत आ रही है और उसके कार्ड को ठीक करने की कहकर ले लिया। इस दौरान उसने उसका कार्ड ही बदल दिया।
अजनबी ने फिर उसे बदला हुआ कार्ड देकर कहा कि इस बार मशीन में डाल लो, लेकिन इस बार भी मशीन ने कार्ड नहीं लिया। इसके बाद सुरेंद्र वहां से निकल लिया, लेकिन अज्ञात ने उसके एटीएम से करीब 50 हजार रुपये तीन-चार बार में निकाल लिए। पुलिस अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर छानबीन करने में जुटी है।