पश्चिम जिला की वाहन चोरी निरोधक शाखा ने चोरी की कार से शराब तस्करी करने वाले एक गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चार कार और एक बाइक जब्त की है।
इनकी गिरफ्तारी से पुलिस ने वाहन चोरी के सात मामलों के साथ-साथ गंभीर चोट पहुंचाने के मामलों को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार एक सूचना पर पुलिस ने पीरागढ़ी मेट्रो स्टेशन के पास एक सेंट्रो कार को रोका।
जांच में पता चला कि कार जनकपुरी इलाके से चुराई गई है। पुलिस ने कार में सवार तीन बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान नांगलोई निवासी तारीक, सुनील और तौफीक के रूप में हुई है।
तारीक नांगलोई थाने का घोषित बदमाश है और उस पर 23 मामले दर्ज हैं। पूछताछ में पता चला कि गैंग के बदमाश चोरी की कार से शराब तस्करी करते थे। बदमाश कार की नंबर प्लेट बदल कर वारदात को अंजाम देते थे। पकड़े जाने की स्थिति में कार को मौके पर छोड़कर फरार हो जाते थे।