निवाड़ी थाना क्षेत्र के खिमावती-कुम्हैड़ा मार्ग पर बाइक सवार दो बदमाशों ने सोमवार को दिनदहाड़े कपड़ा व्यापारी को गोली मारकर 12 सौ रुपये एवं मोबाइल लूट लिया। व्यापारी के दाएं कंधे पर गोली लगी है।
घटना के बाद घायल खुद ही साइकिल से मुरादनगर थाने में पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल को लेकर निवाड़ी और मुरादनगर पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही।
बाद में आला अधिकारियों के निर्देश पर रिपोर्ट निवाड़ी थाने में दर्ज हुई। मुरादनगर नया नूरगंज कालोनी निवासी लियाकत अली फेरी लगाकर कपड़ा बेचने का काम करते हैं।
सोमवार दोपहर करीब एक बजे वह कुम्हैड़ा गांव जा रहे थे। खिमावती-कुम्हैड़ा मार्ग पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उनसे लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने लियाकत के दाएं कंधे में गोली मार दी।
बदमाश व्यापारी से 12 सौ रुपये रुपये और मोबाइल लूटकर भाग गए। इसके बाद घायल व्यापारी साइकिल से ढिंडार पुल पहुंचा और वहां से टाटा मैजिक से चुंगी नंबर तीन पुलिस चौकी तक आया पुलिस ने पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया।