दिल्ली पुलिस ने नोएडा सेक्टर-62 में 29 नवंबर को डॉक्टर नीरज कुमार सिन्हा से कार, लैपटॉप, 20 हजार रुपये, मोबाइल व अन्य सामान लूटने की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
उनकी पहचान गरिमा गार्डन, गाजियाबाद निवासी शाहरुख उर्फ शक्ति (24) और शाहनवाज (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई कार, लैपटॉप, दो मोबाइल, चोरी की बाइक और पिस्टल व चार कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, उनकी गिरफ्तारी से लूटपाट की 18 वारदात सुलझी हैं। आरोपियों ने बताया कि वे नशे की लत पूरी करने के लिए वारदात करते थे। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। मामले में एक आरोपी फरार है।
जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. अजीत कुमार सिंगला ने बताया कि 29 नवंबर वसुंधरा, गाजियाबाद निवासी डॉ. नीरज कुमार सिन्हा कार से नोएडा से घर जाने के लिए निकले थे। सेक्टर-62 के पास वह कार रोककर लघुशंका के लिए उतरे।
इसी बीच तीन बदमाशों ने उन्हें नाले में धक्का दे दिया और पिस्टल दिखाकर कार की चाभी लेकर फरार हो गए। कार में 20 हजार रुपये, मोबाइल और लैपटॉप था। नोएडा पुलिस के अलावा दिल्ली पुलिस ने भी मामले की छानबीन शुरू की।
उत्तर-पूर्वी जिले के एंटी स्नेचिंग सेल को सूचना मिली कि आरोपी रविवार दोपहर लोनी पुश्ता रोड पर आने वाले हैं। सूचना पर आरोपियों को दबोच लिया गया। आरोपियों ने बताया कि उन्हें गांजा पीने की लत है। इसे पूरा करने के ही वे लूटपाट करते थे। दोनों ऑटो चालक हैं।