ग्रेटर नोएडा के रेल विहार सोसाइटी में शनिवार रात दो फ्लैटों के ताले तोड़कर चोर लाखों रुपये की नकदी और जेवर चुरा ले गए।
घटना के बाद से सोसाइटी निवासियों में आक्रोश है। पीड़ितों ने मामले की तहरीर कासना कोतवाली में दी है।
रेल विहार सोसाइटी के एक फ्लैट में दीपक कुमार परिवार के साथ रहते हैं। वह नोएडा की एक कंपनी में इंजीनियर है।
शनिवार रात वह परिवार के साथ हापुड़ गए थे। रविवार को जब वापस लौटे तो पता चला कि चोरों ने उनके फ्लैट का ताला तोड़कर डेढ़ लाख कैश और करीब पांच लाख रुपये के जेवर और घरेलू सामान चोरी कर लिया।
यह भी पढ़ें: मारपीट कर महिला का सिर फोड़ा
मौके पर पहुंची पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर जांच कराई। सुरक्षा को लेकर सोसाइटी के लोगों ने पुलिस के सामने जमकर गुस्सा दिखाया।
दूसरी वारदात इसी सोसायटी में रहने वाली आयुषी गौतम के फ्लैट में हुई। आयुषी एक कॉलेज में काम करती हैं। वह शनिवार रात सोसायटी में ही रहने वाली बहन के यहां रुकी थीं।
इस दौरान चोरों ने उनके फ्लैट का ताला तोड़कर 25 हजार की नकदी और करीब एक लाख रुपये के जेवर और अन्य समाना चुरा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और सोसायटी के लोगों को सुरक्षा का वादा किया।