दिल्ली के सदर बाजार के पूर्व विधायक राजेश जैन के घर में रविवार रात चोरों ने हाथ साफ किया। मलका गंज स्थित आवास से चोरों ने नकदी और कुछ सामान चुरा ले गए।
राजेश जैन के बेटे अतीत जैन की शिकायत पर सब्जी मंडी थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सोमवार सुबह जब राजेश जैन के बेटे ड्राइंग रूम में आए उन्होंने कमरे में रखा एक ब्रीफकेस गायब पाया। छानबीन करने पर पता चला कि घर के पीछे की तरफ बने रसोई घर की खिड़की के जाली को तोड़कर चोर अंदर घुसे हैं।
नौकरानी पर कर रहे शक
पिछले दरवाजे से रिज एरिया में तलाशी लेने पर वहां ब्रीफकेस लावारिस हालत में मिल गया लेकिन उसमें रखे 88 हजार रुपये, डेबिट और क्रेडिट कार्ड, बिजली बिल, चेक बुक और अन्य कागजात गायब थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची क्राइम टीम व सब्जी मंडी थाने की पुलिस ने छानबीन शुरू की। पुलिस ने घर से कुछ फिंगर प्रिंट उठाए हैं।
बताया जा रहा है कि पीड़ितों ने अपनी नौकरानी पर भी शक जताया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नौकरानी के अलावा अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है।