मोहननगर के ओमनगर में चोरों ने दस मिनट में सिविल इंजीनियर के घर से लाखों रुपये के जेवर और नकदी उड़ा लिए। वारदात के दौरान इंजीनियर की पत्नी बेटे के साथ पास में ही दुकान से सामान खरीदने गई थीं। पीड़िता ने साहिबाबाद थाने में घटना की तहरीर दी है।
मोहनगर स्थित ओमनगर कालोनी में प्लाट नंबर दो में पूरणकांत शर्मा परिवार के साथ रहते हैं। वह निजी कंपनी में सिविल इंजीनियर हैं। उनकी कंपनी का काम इन दिनों हिंडन एयरफोर्स में चल रहा है। उनकी पत्नी रेखा शर्मा ने बताया कि मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह बेटे के साथ घर पर ताला लगाकर पास की दुकान से सामान खरीदने चली गईं।
करीब दस मिनट बाद जब वह घर पहुंची तो मेनगेट खुला हुआ था। घर के अंदर घुसी तो तीनों कमरों में सामान बिखरा हुआ था। अलमारी में रखे करीब छह तोले सोने के जेवर और दस हजार रुपये गायब थे। उन्होंने कंट्रोल रूम को फोन कर सूचना देने का प्रयास किया लेकिन फोन नहीं मिला। एसएचओ साहिबाबाद राकेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि घटना से पहले चोरी ने रेकी की है। जल्द चोरों को पकड़ लिया जाएगा।