कंझावला के जोंती गांव में मंगलवार तड़के एक मंदिर में चोरी होने का मामला सामने आया है। चोर मंदिर में रखे दानपत्र से नकदी के अलावा अन्य सामान की चोरी कर फरार हो गये। मंदिर के पुजारी के बयान पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रामजी मिश्रा (50) जोंती गांव में रहते हैं। वह गांव में स्थित राधा कृष्ण मंदिर में पुजारी हैं। सोमवार रात रामजी मंदिर में पूजा करने के बाद मंदिर को बंद कर अपने घर चले गये। मंगलवार तड़के करीब चार बजे वह मंदिर पहुंचे। मंदिर का सारा सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर पता चला कि मंदिर का दानपत्र टूटा हुआ है और काफी सामान गायब हैं। पुजारी ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया। पुजारी ने पुलिस को बताया कि चोरों ने मंदिर से दस किलो का घंटा, कांसे की थाली, पंचमुखी जोत, तीन पीतल के जोत, तांबे का लोटा और घंटी भी चोरी की है।