सेक्टर-37 स्थित एक खेत से एक युवक का शव बरामद किया गया है। मृतक के शरीर पर गोलियों के तीन निशान मिले हैं। पुलिस के अनुसार, मृतक दिल्ली का रहने वाला है और वह आपराधिक छवि का था।
थाना सेक्टर-10 पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। हत्या की वजह पुलिस आपसी रंजिश मान रही है।
उसका कहना है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव यहां लाकर फेंक दिया गया है। पुलिस के अनुसार सेक्टर-37 स्थित एक खेत के मालिक ने शनिवार को पुलिस को सूचना दी कि उसके खेत में किसी अज्ञात युवक का शव पड़ा हुआ है।
मृतक के शरीर पर गोली के तीन निशान मिले हैं। पुलिस ने युवक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद मृतक के कपड़ों की तलाशी ली गई तो उसमें कुछ कागजात मिले।
जिसके बाद उसकी पहचान दिल्ली के कैर गांव निवासी विक्रम सहरावत के रूप में की गई। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया।
थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है कि हत्या किन कारणों से और किसने की है। इस बारे में अभी ज्यादा कुछ कहना जल्दबाजी होगा। आरोपियों का सुराग लगाने के लिए पुलिस टीम लगी हुई है।