हौजखास थाना पुलिस ने वाहन चोर जॉय विज को गिरफ्तार किया है। इन गाड़ियों का रिसीवर वृंदावन का प्रसिद्घ ज्योतिष निशित शास्त्री था। आरोपियों के कब्जे से करोड़ों रुपये की कीमत की चार लग्जरी कारें बरामद की गई हैं। निशित कई समाचार व धार्मिक चैनलों में ज्योतिष पर कार्यक्रम प्रस्तुत कर चुका है।
दक्षिण जिला डीसीपी रोमिल बानिया के अनुसार, हौजखास थानाध्यक्ष सतीश शर्मा ने एक सूचना के बाद एसआई वरुण गुलिया, एएसआई इस्लामुद्दीन व हवलदार विजयपाल की टीम बनाई। टीम ने हौजखास इलाके में चोरी की इनोवा कार में घूम रहे ग्रीन फील्ड कॉलोनी, फरीदाबाद, हरियाणा निवासी जॉय विज (45) को गिरफ्तार कर लिया। इससे मिली कार आरकेपुरम इलाके से चुराई गई थी। जॉय विज ने बताया कि वह चोरी की कारें वृंदावन के नितिश शास्त्री को बेचता है।
पुलिस टीम ने वृंदावन में दबिश देकर निशित शास्त्री (41) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तीन लग्जरी कार बीएमडब्ल्यू, ऑडी व फॉक्सवेगन वेंटो बरामद की गईं। जॉय विज टैक्सी ड्राइवर बनकर टॉरगेट तलाशता था। उसे कोई गाड़ी मिल चाबी लगी मिल जाती थी तो लेकर भाग जाता था। इसके अलावा, वह ड्राइवरों से दोस्ती कर लेता और मोटी तनख्वाह की नौकरी लगवाने का झांसा देता था। ड्राइवर को इस पर विश्वास हो जाता तो टेस्ट ड्राइव के बहाने वह उससे गाड़ी लेता और फरार हो जाता था। जॉय विज चोरी की कारें निशित शास्त्री को बेचने से पहले ओरिजनल चाबी के साथ कागजात बनवाकर देता था, ताकि खरीदने वाले को संदेह न हो।
पेशे से ज्योतिषी है
auto lifet
- फोटो : अमर उजाला
एमबीए कर चुका है शास्त्री
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नितिश शास्त्री ने एमबीए किया हुआ है। वह पेशे से ज्योतिषी है। वह कई धार्मिक व समाचार चैनलों में ज्योतिषी के रूप में कार्यक्रम पेश कर चुका है। वह प्रॉपर्टी डीलिंग भी करता है। अपने ग्राहकों को प्रभावित करने के लिए वह जॉय विज से महंगी गाड़ियां खरीदता था।
जल्दी-जल्दी ठिकाने बदलता था विज
जॉय विज पुलिस से बचने के लिए जल्दी-जल्दी अपने ठिकाने बदलता रहता था। इसके खिलाफ हत्या, झपटमारी व वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं। वह वाहन चोरी के मामले में 1995 में पहली बार गिरफ्तार हुआ था। वह निजामुद्दीन इलाके का घोषित बदमाश है। आरोपी ने बीएमडब्ल्यू 5 सीरीज वाली कार सूरजकुंड, फरीदाबाद, ऑडी क्यू-3 उद्योग विहार, गुरुग्राम और फॉक्सवैगन हौजखास इलाके से चुराई थी।