सेक्टर 55 के ब्रदर अपार्टमेंट में बुजुर्ग महिला को लूटने और उसकी हत्या करने वाले युवक को पुलिस ने बुधवार रात गिरफ्तार कर लिया।
हत्यारा बुजुर्ग का पड़ोसी था। अदालत में पेश करने के बाद पुलिस ने आरोपी को दो दिन की रिमांड पर लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कैथल के मॉडल टाउन का रहने वाला करण ढाई साल से अपने परिवार के साथ ब्रदर अपार्टमेंट के 109 नंबर फ्लैट में रहता है।
107 में रहने वाली बुजुर्ग महिला जयरानी झिंगरन की हत्या के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार सनसिटी की मार्केट में वह पतंजलि की दुकान चलाता है।
सालभर पहले उसे कैथल में फिरौती मांगने के चक्कर में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। ढाई माह जेल में रहने के बाद उसे हाईकोर्ट से जमानत मिली है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने महिला के सिर पर प्लास्क से वार किया था। उसके कान से दो कुंडल, चेन, अंगूठी व अन्य सामान लूटा था।
जिसे लेकर वह कैथल गया था। लूटा गया सामान उसने कैथल में मुत्थूट फाइनेंस में रख कर 14 हजार रुपया लिया था। एसीपी सदर गुड़गांव अनिल कुमार का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। दो दिन की पुलिस रिमांड के दौरान उससे लूट का सामान बरामद किया जाएगा व अन्य खुलासा किया जाएगा।
इसे भी जानें
: कैथल में बदनाम होने के कारण वह अपने परिवार को किराये पर लेकर यहां रहता था।
: जयरानी के परिवार के साथ उसका सबसे अच्छा संबंध बताया जा रहा है।
: दो साल पहले उसने प्रेम विवाह किया था। उसकी पत्नी गर्भवती है।
: गुड़गांव पुलिस ने कैथल पुलिस से संपर्क साधकर पूरी जानकारी ली है।