साहिबाबाद में तुलसी निकेतन के शमशाद गार्डन से करीब डेढ़ साल पहले अगवा किए बच्चे का शव पड़ोसी की छत पर लकड़ी के बक्से में मिला। सड़ी-गली हालत में शव मिलने से माना जा रहा है कि अपहरण के बाद ही उसकी हत्या कर दी गई थी।
छत पर गेंद तलाशने गए बच्चों ने शव को देखकर हल्ला मचाया तो खुलासा हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मकान मालिक से पूछताछ की जा रही है।
शमशाद गार्डन में सैलून चलाने वाले नजर मोहम्मद का बेटा जैद (4) एक दिसंबर 2016 की शाम लापता हो गया था। कुछ दिन बाद परिजनों को आठ लाख की फिरौती की कॉल आने लगीं। पुलिस ने फिरौती मांगने वाले इरशाद और आफताब नाम के दो लोगों को गिरफ्तार किया था।
पुलिस जांच में पता चला कि उन्होंने स्टेशन पर लापता बच्चे के पोस्टर पर लिखे नंबर को देख रुपयों के लालच में फिरौती मांगी थी। सीओ साहिबाबाद राकेश मिश्रा ने बताया कि शनिवार देर शाम बच्चों की गेंद पड़ोसी मोबीन की छत पर चली गई। बच्चे गेंद ढूंढने गए तो उन्हें लकड़ी के बक्से में जैद का शव मिला।