युवती से दोस्ती करने पर युवक की हत्या कर दी गई। खान मार्केट में शुक्रवार को युवक को पहले डंडों से पीटा गया, फिर छाती में चाकू घोंपकर उसकी जान ले ली गई।
बताया जा रहा है कि लहूलुहान युवक मौके पर काफी देर तक तड़पता रहा। किसी ने उसे अस्पताल ले जाने की जहमत नहीं उठाई। युवती का भाई चाकू लेकर मौके पर ही खड़ा रहा। तुगलक रोड थाना पुलिस ने युवती के माता-पिता व दो भाइयों को पकड़ लिया।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार एनडीएमसी क्वाटर, पीआर लेन खान मार्केट में रहने वाले राहुल की पारसी कब्रिस्तान क्वाटर में रहनी वाली आंचल से दोस्त थी।
ये दोस्ती आंचल के परिजनों को पसंद नहीं थी। राहुल की माता सुमित्रा देवी का कहना है कि आंचल के पिता ब्रिजमोहन, मां कमलेश, भाई राहुल और भाई शिवा (17 वर्ष, बदला हुआ नाम) को राहुल व आंचल की दोस्ती पसंद नहीं थी।
आरोपी पहले भी उसके बेटे को जान से मारने की धमकी घर आकर दे चुके हैं। एक सितंबर की रात राहुल कुमार ने अपने माता-पिता को बताया था कि आंचल के भाई राहुल ने उसे जान से मारने की धमकी दी है और कहा है कि वह दो सितंबर को उसे मार देगा।
मौके पर काफी देर तड़पता रहा राहुल
पुलिस
- फोटो : प्रतीकात्मक चित्र
आंचल के माता-पिता उसके घर आए थे और कहा था कि वह राहुल व आंचल की दोस्ती से परेशान हो गए हैं और राहुल को मार देंगे। दो सितंबर को दोपहर करीब बारह बजे आरोपियों ने उसके बेटे को पकड़ लिया।
ब्रिजमोहन, कमलेश व शिवा ने उसके बेटे राहुल को पकड़ रखा था, जबकि राहुल ने डंडों से उसके बेटे पर हमला कर दिया। इसके बाद राहुल ने उसके बेटे की छाती में धारदार चाकू घोंप दिया।
चाकू छाती में काफी अंदर तक घुस गया था। अपने को बचाने के लिए राहुल मौके से भागने लगा। कुछ दूर जाकर वह गिर गया। बताया जा रहा है कि राहुल काफी देर तक मौके पर ही लहूलुहान पड़ा रहा।
इसी बीच खान मार्केट चौकी प्रभारी एसआई सुनील को किसी ने सूचना दे दी। एसआई सुनील स्टाफ के साथ मौके पर पहुंच गए। उस समय आरोपी राहुल चाकू लेकर मौके पर ही खड़ा था।
उसे वहीं दबोच लिया गया। राहुल को आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दो घंटे बाद उसकी मौत हो गई। बाद में तुगलक रोड थाना प्रभारी दिलीप कुमार ने युवती के माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया। भाई शिवा को पकड़ लिया गया।