दो दिन पूर्व शनिवार को बसई एंक्लेव में दंपति द्वारा पंखे से लटककर आत्महत्या करने के बाद सोमवार को शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। दोनों ने परिजनों के विरोध के बावजूद प्रेम विवाह किया था। जिसे समाज ने स्वीकार नहीं किया। इसी को लेकर दोनों तनाव में थे। मृतक महिला गर्भवती थी।
पुलिस के अनुसार शनिवार देर रात सेक्टर-10 थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बसई एंक्लेव में एक दंपति ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली है। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच दरवाजा तोड़कर शव को पंखे से नीचे उतारा। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए परिजनों को इसकी सूचना दे दी थी।
सेक्टर-10 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि दोनों की पहचान जौनपुर उत्तर प्रदेश निवासी ऋषिकांत व साधना के रूप में हुई। ऋषिकांत ने घर से भागकर अपनी बहन की ननद साधना से प्रेम विवाह किया था, जिसे परिवार व समाज ने अस्वीकार कर दिया था। ऐसे में वह शादी के बाद से यहां रह रहे थे।
ऋषिकांत सेक्टर-37 स्थित एक कंपनी में नौकरी कर रहा था। साधना गर्भवती थी। समाज व परिवार द्वारा अस्वीकार किए जाने के चलते दोनों काफी तनाव में थे, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया। परिजनों को सूचना दिए जाने के बाद सोमवार को परिजन गुरुग्राम पहुंचे, जिसके बाद शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।