गांधी नगर इलाके में कारोबारी की दुकान से 45 लाख नगद व अन्य सामान उड़ाने के एक आरोपी को पुलिस ने दबोचा है।
आरोपी की पहचान रानू राठौर के रूप में हुई है। उसके पास से 40 लाख की नगदी समेत चोरी के रुपयों से खरीदी गई एक पल्सर बाइक व कुछ जेवरात बरामद हुए हैं।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त ऋषिपाल ने बताया कि 17 जुलाई को कृष्णा नगर निवासी मनोज जैन ने गांधी नगर थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी।
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
चोरी
मनोज ने बताया था कि उनकी तिकोना पार्क, गांधी नगर में निक्की फैशन के नाम से दुकान है। 17 जुलाई की सुबह उन्होंने देखा कि दुकान के काउंटर में रखे 45 लाख रुपये गायब हैं।
छानबीन के दौरान दुकान से एक सीसीटीवी फुटेज बरामद हुई जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली। पुलिस ने आरोपी रानू को ऊंचा पीर मंडावली से दबोच लिया और उसके घर से 40,38,700 रुपये बरामद कर लिए।
पूछताछ में आरोपी ने वारदात में अपना हाथ होने की बात कबूल कर ली। पुलिस रानू से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।