नई दिल्ली में आजकल ठक-ठक गिरोह सक्रिय हो गया है जो पल भर में लोगों का ध्यान बंटाकर, उन्हें भ्रमित कर लाखों का सामान उड़ा देते हैं। पश्चिम जिले के स्पेशल स्टाफ और एंटी स्नैचिंग सेल ने ठक-ठक गिरोह के तीन बदमाशों को दबोचा है।
आरोपियों की पहचान मदनगीर (दिल्ली) निवासी अमन (23), चंदन (32) और सुभाष (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लैपटॉप, पांच मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल तीन बाइक बरामद की हैं। आरोपी अपने गैंग के साथ मिलकर झपटमारी के अलावा कार सवारों का ध्यान बंटाकर कीमती सामान उड़ा लेते थे।
बाद में लैपटॉप, मोबाइल व अन्य सामान मंडी के आसपास काम करने वाले लोगों को बेच देते थे। पश्चिम जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने बताया कि मंगलवार को उनकी टीम को सूचना मिली कि ठक-ठक गिरोह के कुछ बदमाश केशोपुर, सब्जी मंडी, बाहरी दिल्ली रिंग रोड के पास आने वाले हैं। सूचना के बाद पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया।