दिल्ली गेट स्थित मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में गुरुवार दोपहर लैब कोट पहन कर अस्पताल में घुम रहा स्मार्ट फोन चोर धरा गया। कॉलेज के एक कमरे में जबरदस्ती घुसने का प्रयास करते वक्त चोर को स्टाफ के अन्य कर्मचारियों ने पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान जेब से एक महंगा फोन भी बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 2 बजकर 40 मिनट पर एक युवक लैब कोट पहने कॉलेज के एक कमरे में घुसने का प्रयास कर रहा था। गेट लगा हुआ था तो युवक जबरन घुसने की कोशिशें कर रहा था। जब आसपास मौजूद कर्मचारियों ने उससे पूछताछ की तो युवक ने खुद को तृतीय वर्ष का छात्र बताया। इस पर एक कर्मचारी ने पढ़ाई संबंधित सवाल पूछना शुरू किए तो युवक घबरा गया।
कहा जा रहा है कि कर्मचारियों ने उससे टीचर्स के नाम और सब्जेक्ट के बारे में भी पूछा लेकिन जब वह घबराने लगा तो सुरक्षा गार्डों को बुलाकर उसकी तलाशी ली गई। इस दौरान एक महंगा स्मार्टफोन भी बरामद हुआ है। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम पर मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से कोई पुष्टि नहींकी गई। लेकिन स्टाफ का कहना है कि कॉलेज में आएदिन इस तरह की वारदातें होती रहती हैं। इन पर लगाम कसने के लिए प्रबंधन ठोस उपाय नहीं कर रहा है।