कासना कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कंसलटेंट कंपनी में महिला कर्मियों के यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। कंपनी के दो अधिकारियों ने शुक्रवार को दुपट्टा खींचकर एक युवती से छेड़छाड़ व दुष्कर्म की कोशिश की।
युवती ने शोर मचाकर कड़ा विरोध किया तो पूर्व में यौन उत्पीड़न की शिकार हुई दो अन्य युवतियां भी पीड़िता के साथ खड़ी होकर विरोध करने लगीं। आरोप है कि तीनों युवतियों ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई तो उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर पूरे मामले की जांच कर रही है।
कासना कोतवाली क्षेत्र स्थित कंसलटेंट कंपनी में दूसरे शहर की रहने वाली तीन युवतियां काम करती हैं। तीनों ने शुक्रवार शाम कासना कोतवाली में पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। युवतियों ने रिपोर्ट में बताया कि कंपनी के दो अधिकारियों नजीब और राकेश ने शुक्रवार को एक युवती का दुपट्टा पकड़कर खींच लिया।