अमेरिका में 14 वर्षीय लड़की से यौन प्रताड़ना के मामले में आरोपी जोसेफ पालनीवेल जीयापाल नामक पादरी ने अपने प्रत्यार्पण को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। अदालत ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर शुक्रवार तक जबाव दाखिल करने का निर्देश दिया है।
आरोपी वर्ष 2005 में गिरफ्तारी के डर से भारत भाग आया था और अमेरिका में उसे भगोड़ा घोषित कर रखा है। पटियाला हाउस अदालत ने 6 सितंबर को दिए फैसले में उसे अमेरिका भेजने की इजाजत प्रदान की थी।
न्यायमूर्ति प्रतिभा रानी के समक्ष याची के अधिवक्ता ने कहा कि उनके मुवक्किल को फर्जी मामले में फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि वह 31 अगस्त 2005 को अपनी मां को देखने भारत आया था और भेदभाव के चलते उसे फर्जी मामले में फंसाया दिया गया। उन्होंने अदालत से आग्रह किया कि इस याचिका के निपटारे तक उनके मुवक्किल के प्रत्यार्पण पर रोक लगाई जाए और ट्रायल कोर्ट के फैसले को रद्द किया जाए।