सेक्टर-6 स्थित वसुधा अपार्टमेंट निवासी पंचायती राज मंत्रालय के सचिव सुनील कुमार के घर से चोरों ने लाखों रुपये की ज्वैलरी उड़ा ली।
सुनील परिवार के साथ छुट्टियां मनाने लखनऊ में एक रिश्तेदार के यहां गए थे। चोरों ने फ्लैट की पिछली बालकनी की ग्रिल काटकर घटना को अंजाम दिया।
वसुधा अपार्टमेंट निवासी सुनील कुमार पंचायती राज मंत्रालय में सचिव के पद पर कार्यरत हैं। बीते सात जून को वह पत्नी अमिता और दोनों बच्चों के साथ लखनऊ निवासी रिश्तेदार के घर गए थे।
शनिवार शाम को लौटे तो फ्लैट के अंदर सारा सामान बिखरा था। चोरों ने बेडरूम की आलमारी का सेफ तोड़कर करीब पांच लाख की ज्वैलरी उड़ा ली थी। उन्होंने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची तो जांच में सामने आया कि चोर पिछली बालकनी की ग्रिल काटकर अंदर घुसे और चोरी को अंजाम दिया। चोरी कब हुई इसको लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
सुनील के अनुसार उन्हें घटना में घर में काम करने वाली नौकरानी और सोसायटी के गार्ड्स पर शक है। एसएचओ गोरखनाथ यादव ने बताया कि कामवाली और गार्ड्स से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।