ओमीक्रान-1 सेक्टर के पास बाइक सवार तीन किशोरों ने शिक्षिका से स्कूटी और 40 हजार रुपये नगद लूट लिए। लूट के बाद बदमाश आराम से पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए। शिक्षिका की शिकायत पर थाना ग्रेटर नोएडा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर के सेक्टर ओमीक्रान-1 में पूजा सपरिवार रहती हैं। वह शहर के ब्रेनट्री स्कूल में शिक्षिका हैं और अकाउंट्स का काम भी देखती हैं। सोमवार को प्रधानाचार्या छुट्टी पर थीं। इस कारण शिक्षिका रुपये लेकर घर आ रही थीं। ओमीक्रान-1 सेक्टर के पास गेट के पास तीन किशोरों ने महिला को ओवरटेक कर रोक लिया।
इनमें दो के मुंह पर रुमाल बांध था जबकि एक का चेहरा खुला था। महिला ने बताया कि तीनों ने पिस्तौल दिखाकर कान के टॉप्स उतारने के लिए कहा। जैसे ही महिला स्कूटी से उतरी तो एक बदमाश उनकी स्कूटी में बैठा और फरार हो गया। वहीं, दोनों बदमाश बाइक पर पिस्टल दिखाकर फरार हो गए। स्कूटी की डिग्गी में स्कूल के 40 हजार रुपये और मोबाइल था। महिला ने पुलिस को बताया कि वारदात को किशोरों न अंजाम दिया।
महिला से स्कूटी और मोबाइल लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। महिला के बयान में विरोधाभास होने से रुपये लूट की बात संदिग्ध प्रतीत हो रही है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, बयान के आधार बदमाशों को चिह्नित कर पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। -लक्ष्मी सिंह, प्रभारी, ग्रेटर नोएडा थाना