द्वारका सेक्टर-23 थाना पुलिस ने पीएफ क्लेम में फर्जीवाड़ा कर पैसे हड़पने के आरोप में एक मल्टीनेशनल कंपनी के पूर्व डिप्टी एचआर मैनेजर को नोएडा से गिरफ्तार किया है। उस पर करीब ढाई करोड़ रुपये गबन करने का आरोप है। आरोपी अजय कुमार उर्फ अजय चौहान ने अपनी पत्नी व एक रिश्तेदार के साथ पार्टनरशिप में एक कंपनी बनाई थी। वह कर्मचारियों के पीएफ क्लेम की रकम को उसी कंपनी के अकाउंट में डाल देता था। पुलिस उसके रिश्तेदार की तलाश कर रही है। मामले में उसकी पत्नी की संलिप्तता की जांच की जा रही है।
जिला पुलिस उपायुक्त शिबेश सिंह ने बताया कि मल्टीनेशनल कंपनी टेकनिप के कंपनी सेक्रेटरी प्रशांत शर्मा ने सेक्टर- 23 द्वारका थाने में मामले की शिकायत की थी। शिकायत में उसने बताया कि कंपनी का पूर्व कर्मचारी अजय कुमार उर्फ अजय चौहान कर्मचारियों के पीएफ क्लेम के पैसे दिलाने में फर्जीवाड़ा कर कर्मचारियों के करीब 2.53 करोड़ रुपये का गबन किया है। मामले की जांच के दौरान पता चला कि अजय वर्ष 2015 से पीएफ क्लेम की रकम को अपने खाते में डाल रहा था।
पुलिस ने अजय की तलाश शुरू की। वह लगातार अपना घर बदल रहा था। पुलिस ने उसके फोन नंबर को सर्विलांस पर लगाया। जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी अपने फोन नंबर को सेक्टर 120 नोएडा की दुकान से रिचार्ज कराता है। उसके पास स्थित हाउसिंग सोसाइटी आम्रपाली जोडेक सेक्टर 120 के पास पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने उसके फोटो को सोसाइटी के सभी गार्ड को दिखाया। उसके बाद बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।