करोड़पति ज्वेलर रोहित की कार के नंबर से मेरठ के सर्राफ सुदीश रस्तोगी (62) हत्याकांड का खुलासा हुआ। बदमाशों ने जूते के फीते से गला घोंटकर ज्वेलर की हत्या की थी।
शुक्रवार को पुलिस ने रोहित समेत वारदात में शामिल तीनों बदमाशों को जेल भेज दिया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया ढाई सौ ग्राम सोना, मोबाइल और हत्या में इस्तेमाल कार बरामद कर ली गई है।
एसपी सिटी सलमान ताज ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि सुदीश के हत्यारोपी रोहित, इमरान और सलीम विजयनगर के रहने वाले हैं। जूते के काले रंग के फीते से उसका गला घोंटकर हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया गया था।
सुदीश के मोबाइल की लोकेशन नवयुग मार्केट में आने के बाद रिद्धि सिद्धि ज्वेलर पर शक हुआ। ज्वेलर के मोबाइल की लोकेशन नाहल में आई थी, वहां पर एक कार के निशान मिले।
शक होने पर सुदीश की कार के नंबर के बारे में डासना टोल टैक्स पर पूछताछ की गई। रिकॉर्ड से पता चला कि उस दिन रोहित अपनी कार में वहां गया था।
सीओ प्रथम इंद्रपाल सिंह ने बताया कि रोहित ने अपने नौकर इमरान और सलीम को इस वारदात को अंजाम देने के बदले एक लाख रुपये देने का लालच दिया था।
सट्टेबाजी की वजह से हुई हत्या
सर्राफ सुदीश रस्तोगी की हत्या का आरोपी करोड़पति ज्वेलर रोहित राणा सट्टा खेलता था। यह बातें पुलिस को सूत्रों के जरिए पता चली हैं।
अंदेशा है कि सट्टेबाजी में रोहित को नुकसान हुआ, जिस वजह से उसने दोस्तों संग सुदीश रस्तोगी की हत्या की प्लानिंग की। हालांकि पूछताछ में रोहित ने सट्टेबाजी से इंकार किया।