ग्रेटर नोएडा में आरटीआई कार्यकर्ता को एक ठेकेदार ने जान से मारने की धमकी दी है।
पीड़ित ने करीब 15 दिन पहले ठेकेदार के कार्य की आरटीआई के तहत जानकारी मांगी थी। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी से की है।
जानकारी के मुताबिक अछेजा बुजुर्ग निवासी सलीमुद्दीन सोलंकी एक आरटीआई कार्यकर्ता है। उसके गांव में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा विकास कार्य कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: न जमीन अपनी ना कागजात असली फिर भी...
उसे जानकारी मिली की विकास कार्यों में खराब गुणवत्ता की सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। सोलंकी ने ग्रेनो प्राधिकरण से सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत विकास कार्य की जानकारी मांगी थी।
इसी दौरान उसने मामले की शिकायत आला अधिकारियों से भी की। यह बात ठेकेदार को नागवार गुजरी और उसने सोलंकी से कहा कि अबकी RTI किए तो जान से मार दूंगा। इसके बाद से पीड़ित का परिवार सहमा हुआ है। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी ग्रेटर नोएडा डॉ. बृजेश कुमार सिंह से की है।
पहले भी हो चुका है अपहरण
गांव में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर कुछ दिन पहले ही दनकौर के सक्का गांव निवासी आरटीआई कार्यकर्ता अनूप ने सूचना मांगी थी। उसका अपहरण करा लिया गया था। चार दिन तक उसे जान से मारने की धमकी दी गई और उसे यातनाएं देकर मृत अवस्था में छोड़कर बदमाश भाग गए।
हालांकि पीड़ित ने चार लोगों के खिलाफ अपहरण की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लेकिन आज तक पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई नहीं की है। पीड़ित घटना के बाद से सहमा हुआ है और घर से भी नहीं निकलता है।