ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र में गौर सिटी चौराहे के पास बाइकर्स ने दो छात्रों से तमंचे के बल पर 12 हजार रुपये और दो मोबाइल लूट लिए।
पीड़ित छात्र नॉलेज पार्क स्थित प्लेसमेंट कैंप से लौट रहे थे। पीड़ितों ने बिसरख और सेक्टर-58 थाने में तहरीर दी है। लेकिन दोनों थाना पुलिस में सीमा विवाद के कारण रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई है।
जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद निवासी राहुल और अनिल बीटेक फाइनल ईयर के छात्र हैं। शुक्रवार को दोनों नॉलेज पार्क स्थित एक इंस्टीट्यूट में आयोजित प्लेसमेंट कैंप में शामिल होने के लिए बाइक से ग्रेटर नोएडा आए थे।
यह भी पढ़ें: ATM कार्ड पुराना बताकर मांगी जानकारी, निकाले 50 हजार
वहां से लौटते हुए रात हो गई और जब वे गौर सिटी चौराहे पर पहुंचे तो बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया और तमंचे के बल पर आतंकित कर उनसे 12 हजार रुपये और दो मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
पीड़ितों ने बिसरख कोतवाली में सूचना दी। लेकिन पुलिस ने नोएडा के सेक्टर-58 थानाक्षेत्र की घटना बताकर उन्हें वहां भेज दिया।
छात्र सेक्टर-58 थाने गए तो पुलिस ने मौका मुआयना करते हुए उक्त क्षेत्र को बिसरख कोतवाली की घटना बताया। पीड़ित छात्र 36 घंटे से बिसरख और सेक्टर-58 थाना पुलिस के सीमा विवाद में परेशान हो रहे हैं।
लेकिन अभी तक मामला दर्ज नहीं हो सका है। पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह का कहना है कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई प्रकरण नहीं है। अगर ऐसा कोई मामला है तो वह सीओ से जांच कराकर उचित कार्रवाई कराएंगे।