अपराधियों का डाटाबेस तैयार कर उसे ऑनलाइन करने के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस जल्द ही एक मोबाइल ऐप्लीकेशन (क्राइम क्रिमिनल एंड डाटाबेस ऐप) लांच करने जा रही है। इस ऐप की मदद से क्षेत्र के सभी छोटे-बड़े अपराधियों की कुंडली कंप्यूटर और मोबाइल पर आसानी से देखी जा सकेगी।
इसमें चौकी और कोतवालीवार बदमाशों का नाम, पता, पहचान और उनके आपराधिक इतिहास का पूरा ब्योरा देखने को मिलेगा। एसपी देहात अभिषेक यादव ने बताया कि अपराधियों का समय-समय पर वेरिफिकेशन करने के साथ उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए डाटाबेस तैयार करने की योजना बनाई जा रही है, जिसमें उनका पूरा ब्योरा रहेगा।
अपराधियों की प्रकृति के आधार पर उन्हें अलग-अलग श्रेणियों में रखा जाएगा, जिससे उन पर नजर रखी जा सके। उन्होंने कहा कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति पकड़ा जाता है तो उसकी तलाश भी डाटाबेस के माध्यम से की जा सकेगी। ऐसे में अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। माह के अंतिम सप्ताह में इसे शुरुआत करने की योजना है।