विजयनगर के बुद्ध विहार में किराए का कमरा पूछने के बहाने घर में घुसे बदमाश ने दिनदहाड़े महिला से तीन लाख की ज्वैलरी और दो हजार रुपये लूट लिए।
महिला ने विरोध किया तो बदमाश ने उसके हाथ पैर बांध दिए। जाते समय बदमाश चाकू मारकर घायल कर गया। वारदात के समय पीड़िता घर पर अकेली थी।
बुद्ध विहार डी 11/ए में महेंद्र चौहान परिवार सहित रहते हैं। नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत महेंद्र सोमवार सुबह करीब दस बजे बच्चों को स्कूल छोड़कर ड्यूटी चले गए थे। घर पर उनकी पत्नी नीलू चौहान (29) अकेली थी।
नीलू ने बताया कि करीब साढ़े 10 बजे एक युवक किराए के लिए कमरा पूछते हुए घर में घुसा था। वह पिछले कई दिनों से मोहल्ले में संदिग्ध घूम रहा था। आरोपी ने घर में घुसते ही उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
इस बीच आरोपी उनके हाथ पैर कपड़े से बांधकर गले से सोने की चेन, अंगूठी, झुमकी उतारने के बाद घर में रखी करीब तीन लाख की ज्वैलरी और दो हजार रुपए ले गया। भागते समय बदमाश ने चाकू से उनके गले पर वार किया लेकिन उन्होंने हाथ से रोकने की कोशिश की तो तीन अंगुलियां लहूलुहान हो गईं।
नीलू की चीख सुनकर आरोपी भाग निकला। बदमाश के जाने के बाद महिला ने शोर मचाया तो पड़ोसियों ने आकर उसे बंधनमुक्त किया। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसएचओ विजयनगर ने बताया कि पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।