भरे बाजार किशोर से पांच हजार रुपये छीनकर भाग रहे बदमाश ने पकड़े जाने के बाद थाने में जमकर हंगामा किया। वह थाने के पीछे तालाब में कूद गया।
पुलिसकर्मी उसे बाहर निकलने के लिए कहते रहे, लेकिन वह वहां खड़े वाहनों के बीच छिप गया। पुलिस कर्मियों ने तालाब को चारों ओर से घेर लिया तथा उसे डरा धमका कर बाहर निकाला। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पूजा कॉलोनी निवासी मुन्ना 16 पुत्र जाहिद कॉलोनी में ही किराने की दुकान चलाता है। सोमवार दोपहर 12 बजे वह कस्बे के नए बाजार में दुकान के लिए नमकीन आदि सामान खरीदने गया था।
वहां एक बदमाश ने उससे पांच हजार रुपये छीन लिए तथा भागने लगा। किशोर के शोर मचाने पर लोगों ने उसे दबोच लिया तथा जमकर धुनाई करने के बाद थाने ले जाकर पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने उसे मुंशी के कमरे में बैठा दिया। मगर मौका मिलते ही वह कमरे से निकल भागा तथा थाने के पीछे बने तालाब में कूद गया। वह वहां पानी में डूबे खडे़ लावारिस वाहनों के बीच जाकर छिप गया।
पुलिस कर्मियों ने तालाब को चारों से घेरकर उसे गोली मारने की धमकी दी तब जाकर वह बाहर निकला। उसकी जेब से ब्लेड के दर्जनों टुकड़े और 1700 रुपये मिले हैं। आरोपी ने अपना नाम आशू निवासी रामपुर बताया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।