ग्रेनो वेस्ट के चौगानपुर गोलचक्कर के पास चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर काले रंग की स्कॉर्पियो कार में सवार बदमाशों ने गोली चला दी। हालांकि, पुलिसकर्मी हमले में बच गए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस नेे इनके कब्जे से बिना नंबर की स्कॉर्पियो बरामद की है।
ईकोटेक-3 थाना प्रभारी अवधेश कुमार अवस्थी ने बताया कि उनके साथ 7 पुलिसकर्मियों की टीम चौगानपुर गोल चक्कर के पास सोमवार रात वाहनों की चेकिंग कर रही थी। गाजियाबाद की तरफ से काले रंग की बिना नंबर की स्कॉर्पियो कार को टीम ने रुकने का इशारा किया। आरोप है कि कार सवारों ने रुकने की जगह पुलिस टीम पर गोली चला दी और भागने की कोशिश करने लगे।
पुलिस नेे एक किमी तक पीछा करने के बाद कार को घेेर लिया औैर दो युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान उजाला सिंह निवासी शिकारपुर बुलंदशहर व ज्ञानेंद्र शर्मा निवासी आगरा के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे सेे पुलिस नेे 2 रिवाल्वर और 4 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि स्कॉर्पियो हाल ही में खरीदी गई है। कार लूट या चोरी की तो नहीं, इसकी पड़ताल की जा रही है।